76वां गणतंत्र दिवस की अनंत शुभकामनाएं: पीएम नरेंद्र मोदी
New Delhi: देश आज अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके पर भारत कर्तव्य पथ पर अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगा। इस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो शामिल हो रहे हैं। परेड सुबह करीब 10.30 बजे शुरू होगी। यह करीब 90 मिनट तक चलेगी। समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाने से होगी। यहां वह देश के वीरों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो ‘पारंपरिक बग्गी’ पर सवार होकर कर्तव्य पथ पर पहुंचेंगे। पीएम मोदी का ट्वीट- गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं! आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महानुभावों को नमन करते हैं जिन्होंने हमारा संविधान बनाया और यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो। हमारी कामना है कि यह राष्ट्रीय उत्सव हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ-साथ एक मजबूत और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करेगा।