छत्तीसगढ़ भारत विश्व खेल मनोरंजन नौकरी लाइफ स्टाइल टेक्नोलॉजी व्यापार
Bhoramdev: कारखाना मर्यादित कवर्धा ने, गन्ना किसानों को ₹19 करोड़ से अधिक का भुगतान किया – Jagaruk Nation

Bhoramdev: कारखाना मर्यादित कवर्धा ने, गन्ना किसानों को ₹19 करोड़ से अधिक का भुगतान किया

Bhoramdev/Kawardha/Chhattisgarh: प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष निर्देश एवं मार्गदर्शन में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित कवर्धा ने पेराई सत्र 2024-25 के अंतर्गत अब तक गन्ना किसानों को कुल 19.19 करोड़ रुपए गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। कलेक्टर गोपाल वर्मा के सतत मार्गदर्शन में कारखाना प्रबंधन द्वारा गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।

इसी कड़ी में 5 दिसंबर 2024 तक गन्ना बेचने वाले किसानों को 315.10 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 5.05 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित कवर्धा के प्रबंध निदेशक जीएस शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि चालू पेराई सत्र 2024-25 के अंतर्गत अब तक 1,66,215 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जिससे 1,44,735 क्विंटल शक्कर का उत्पादन हुआ है। यह उपलब्धि गन्ना उत्पादक किसानों के सहयोग, उनकी कड़ी मेहनत और कारखाना प्रबंधन के कुशल संचालन का परिणाम है।

उल्लेखनीय है कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना क्षेत्र के गन्ना किसानों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्य शासन की गन्ना नीति के तहत कारखाना प्रबंधन समय पर भुगतान सुनिश्चित कर किसानों की आर्थिक स्थिरता को मजबूत करने का प्रयास कर रहा है। समय पर भुगतान होने से किसानों का कारखाना और प्रशासन पर विश्वास भी लगातार बढ़ रहा है।

कारखाना प्रबंधन ने गन्ना उत्पादक किसानों से कारखाना को परिपक्व, साफ, बिना नुकसान वाला और जड़ रहित गन्ना आपूर्ति करने की अपील की है। इससे न केवल चीनी की रिकवरी दर बढ़ेगी, बल्कि किसानों को बेहतर लाभ भी मिलेगा। गन्ने की गुणवत्ता बढ़ने से उत्पादन क्षमता में सुधार होगा और इसका किसानों की आय पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना गन्ना किसानों के आर्थिक विकास के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। कारखाना प्रबंधन का उद्देश्य किसानों के हितों को प्राथमिकता देना और उनका आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है।

Exit mobile version