
CG/Raipur News: भारतीय जनता पार्टी भारतीय संविधान के 75वें वर्ष की गौरवशाली यात्रा के उपलक्ष्य में 11 से 25 जनवरी तक संविधान गौरव अभियान का आयोजन कर रही है। इस अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश स्तरीय समिति का गठन भी किया गया है। प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा ने बताया कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल को समिति का संयोजक बनाया गया है। विधायक गुरु खुशवंत समिति के सह संयोजक होंगे तथा नीलकंठ टेकाम, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन मार्कण्डेय और श्रीमती किरण बघेल को सदस्य बनाया गया है। अ
भियान की प्रारंभिक तैयारियों को लेकर बुधवार को समिति की बैठक हुई। कल 9 जनवरी को समिति की बैठक में अभियान की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। चंदेल ने बताया कि 11 से 25 जनवरी तक सभी राज्यों की राजधानियों और प्रमुख केन्द्रों में 50 संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इन संगोष्ठियों को केन्द्र सरकार के मंत्री और भाजपा नेता संबोधित करेंगे। इसी तरह अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा सभी जिला केन्द्रों में ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ विषय पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय एवं सभी शिक्षण संस्थाओं में ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ विषय पर प्रश्नोत्तरी, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
युवा मोर्चा अनुसूचित जाति छात्रावासों एवं महाविद्यालयों में संपर्क कर युवाओं के बीच डॉ. अंबेडकर के योगदान एवं संविधान के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का प्रचार-प्रसार करेगा। श्री चंदेल ने बताया कि अनुसूचित जाति बाहुल्य जिलों में रैलियां एवं सभाएं आयोजित करने के अलावा 25 जनवरी को सभी मंडलों में पार्टी कार्यकर्ता आम जनता के साथ एकत्रित होकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना एवं नीति निर्देशक तत्वों का वाचन करेंगे तथा उस पर संक्षिप्त चर्चा करेंगे।