Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवीन कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रेस प्रतिनिधियों को समाचार संकलन के लिए यथासंभव सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने पत्रकारों के हित में पत्रकार कल्याण कोष की कार्पस फंड की धनराशि में बढ़ोतरी की है। उन्होंने अधिकारियों को पत्रकारों के लिए सामूहिक बीमा योजना शुरू करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मीडिया कर्मियों के रहने और काम करने में आसानी हो, इसकी भी व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान भी मीडिया का सहयोग रहा है। राज्य आंदोलन के दौरान उत्तराखंड का मीडिया यहां की जनता की आवाज बना था। उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा समय-समय पर किए गए सामाजिक और जनजागरूकता के कार्य सराहनीय रहे हैं। आम जनता की सुविधा और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में भी मीडिया की बड़ी भूमिका होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने वर्तमान में कई बड़े कदम उठाए हैं। राज्य के विकास के लिए हमारे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है। सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में नीति आयोग द्वारा राज्य को देश में प्रथम स्थान दिया गया है। राज्य में बेरोजगारी दर को 4.4 प्रतिशत तक कम करने में हम सफल हुए हैं। निवेश आकर्षित करने में हम देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हैं तथा हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहली बार शीतकालीन चारधाम यात्रा शुरू की गई है तथा इसके सुखद परिणाम भी सामने आ रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों की आर्थिकी मजबूत होने के साथ ही स्वरोजगार भी मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने देवभूमि की जनता से समान नागरिक संहिता लागू करने का जो वादा किया था, उसे हम पूरा करने जा रहे हैं। उत्तराखंड में जिस उद्देश्य के लिए भूमि खरीदी जाती है, उसका समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए बेहतर भूमि कानून लागू करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्रवासी अपनी मूल जड़ों से जुड़े रहें तथा अपने राज्य, गांव व समाज के लिए अपना सर्वांगीण योगदान दे सकें, इसके लिए 12 जनवरी को राज्य में प्रवासी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर दिवंगत पत्रकार गिरीश भंडारी को श्रद्धांजलि देते हुए 2 मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान उत्तरांचल प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष भूपेंद्र कंधारी ने पत्रकारों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा पूर्व में लिए गए विभिन्न निर्णयों की सराहना की।