Home
🔍
Search
Add
👤
Profile
Featureखेल

कोहली का टूटा रिकॉर्ड, ये खिलाड़ी सबसे ज्यादा बार छक्का लगाकर मैच खत्म करने वाले बने भारतीय

भारत और बांग्लादेश के बीच ग्वालियर में तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया। सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया ने यह मैच सात विकेट से अपने नाम किया। बांग्लादेश ने 128 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे भारत ने 11.5 ओवर में हासिल कर लिया। हार्दिक पांड्या ने 16 गेंद में 39 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 243.75 का रहा। हार्दिक ने मैच को फिनिश 12वें ओवर में तस्कीन अहमद की पांचवीं गेंद पर छक्का लगाकर किया। इस छक्के के साथ ही हार्दिक ने विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में छक्के लगाकर सबसे ज्यादा बार मैच खत्म करने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

हार्दिक ने भारत के लिए कुल पांच बार छक्के लगाकर मैच को समाप्त किया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड विराट के नाम पर था। उन्होंने चार बार ऐसा किया था। महेंद्र सिंह धोनी और ऋषभ पंत ने भारत के लिए ऐसा तीन-तीन बार किया है। वहीं, शिवम दुबे, श्रेयस अय्यर, युवराज सिंह, दिनेश कार्तिक, वॉशिंगटन सुंदर, इरफान पठान, सूर्यकुमार यादव और वेंकटेश अय्यर ऐसा एक-एक बार कर चुके हैं। हार्दिक के अलावा संजू सैमसन ने 19 गेंद में 29 रन, अभिषेक शर्मा ने सात गेंद में 16 रन, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 14 गेंद में 29 रन की पारी खेली। हार्दिक के अलावा नीतीश रेड्डी 15 गेंद में 16 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले बांग्लादेश की पारी 19.5 ओवर में 127 रन पर सिमट गई थी। परवेज हुसैन इमोन आठ रन, लिटन दास चार रन, कप्तान नजमुल शांतो 25 गेंद में 27 रन, तौहिद हृदोय 18 गेंद में 12 रन, महमूदुल्लाह एक रन, जाकेर अली आठ रन, रिशाद हुसैन पांच गेंद में 11 रन, तस्कीन अहमद 13 गेंद में 12 रन, मुस्तफिजुर रहमान एक रन बनाकर आउट हुए। शोरिफुर इस्लाम खाता नहीं खोल सके। मेहदी हसन मिराज ने 32 गेंद में तीन चौके की मदद से 35 रन की नाबाद पारी खेली। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर और मयंक यादव को एक-एक विकेट मिला। भारत और बांग्लादेश के बीच अगला टी20 दिल्ली में नौ अक्तूबर को खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button