Chhattisgarh/Raipur/छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर क्यों हो रहा है विवाद? राज्य लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने छत्तीसगढ़ व्यापम के जरिए 4 मई 2023 को शिक्षक भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था। छत्तीसगढ़ में बीएड सहायक शिक्षक भर्ती से बर्खास्त अभ्यर्थी पिछले 26 दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। 12 जनवरी को शिक्षकों ने विरोध में 5 किलोमीटर लंबी दंडवत यात्रा निकाली थी। यह विरोध रायपुर के माना चौक से शदाणी दरबार तक सड़क पर लेटकर किया गया। कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने शिक्षकों का एक वीडियो शेयर कर राज्य में भर्ती प्रक्रिया को लेकर बीजेपी सरकार को घेरा।
बीएड सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़ा यह मामला क्या है? यह भर्ती कब हुई और इन शिक्षकों को क्यों बर्खास्त किया गया है? यह सब हम जरूर जानेंगे। साथ ही यह भी जानेंगे कि इस भर्ती से जुड़े अभ्यर्थी NCTE (राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद) के जिन नियमों का हवाला दे रहे हैं, वो क्या कहते हैं। छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने छत्तीसगढ़ व्यापम के जरिए 4 मई 2023 को शिक्षक भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था।
कुल 6285 पदों पर भर्ती होनी थी। ये सभी पद वर्ग-3 (कक्षा 1 से 5) के तहत जारी किए गए थे। नोटिफिकेशन में बीएड डिग्रीधारकों को पात्र माना गया था। भर्ती के लिए परीक्षा 10 जून 2023 को आयोजित की गई थी। इसका रिजल्ट 2 जुलाई 2023 को जारी किया गया था। इसके बाद मेरिट लिस्ट भी आ गई। डीएड और बीएड दोनों कोर्स वाले उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया गया था।