सड़क सुरक्षा माह: सीएम साय ने बाइक चलाकर प्रदेशवासियों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया
Chhattisgarh/Raipur: में मनाए जा रहे 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज हेलमेट पहनकर बाइक चलाई और प्रदेशवासियों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री आज राजधानी के रोहिणीपुरम गोल चौक पहुंचे और बाइकर्स और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बाइक रैली में शामिल हुए। उन्होंने दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इस दौरान साय ने भव्य बाइक रैली को हरी झंडी भी दिखाई।
स्वयंसेवी संगठनों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को यातायात नियमों के पालन के फायदे बताए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन बहुत कीमती है। मानव जीवन में पारिवारिक जिम्मेदारियां भी निभानी होती हैं। उन्होंने कहा कि एक तरह से हमारा जीवन परिवार के लिए है और इसे सुरक्षित रखना हमारा कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित गति से वाहन चलाने से दुर्घटना की संभावना कम हो जाती है। शराब पीकर वाहन कभी नहीं चलाना चाहिए। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को संदेश भी दिया कि वे यातायात नियमों के अनुसार वाहन चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें ताकि उनका जीवन तथा दूसरों का जीवन सुरक्षित रहे तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का पूर्ण निर्वहन हो सके।